क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 1.10 लाख की ठगी
जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राजधानी में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर के जरिए एक व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 1.10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपित ने पीड़ित से एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड नंबर डायल करवाए। इसके बाद दोनों कार्ड से रकम निकाल ली। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने महेश नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस के अनुसार जयसिंहपुरा खोर निवासी कमलेश (39) के मोबाइल पर एक युवक ने कॉल किया। उसने खुद को क्रेडिट कार्ड कंपनी के कस्टमर केयर का अधिकारी बताया और बातचीत के दौरान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। आरोपित की बातों में आकर पीड़ित ने एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड नंबर डायल कर दिए।
इसके बाद ठग ने एसबीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 9 हजार रुपए और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से करीब 1 लाख 1 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। इसके बाद रविवार को महेश नगर थाने पहुंचकर शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की पहचान करने और ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन संबंधी जानकारी जुटाने में लगी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

