home page

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक करोड़ 35 लाख रुपये की ठगी

 | 
शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक करोड़ 35 लाख रुपये की ठगी


नोएडा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में शेयर मार्केट में निवेश कर मोटी रकम कमवाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति से एक करोड़ 35 लाख रुपये की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि नीरज सक्सेना पुत्र लेफ्टिनेंट केशव नारायण सक्सेना निवासी गामा- दो ग्रेटर नोएडा ने बुधवार सुबह साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 10 नवंबर 2026 को अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटी रकम कमवाने का झांसा दिया। पीड़ित के अनुसार वह आरोपितों की बातों में आ गए तथा उन्होंने शेयर मार्केट में निवेश करना शुरू कर दिया। शुरुआती दौर में उन्हें कुछ फायदा हुआ। धीरे-धीरे आरोपितों ने उनसे विभिन्न बैंक खातों में एक करोड़ 35 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब उन्होंने रकम निकालनी चाही तो आरोपित कमीशन और टैक्स के नाम पर और रकम की मांग करने लगे। पीड़ित के अनुसार 28 सितंबर 2026 तक उन्होंने आरोपिताें को कुल रकम दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार जब आरोपिताें ने और रकम की मांग की तो उन्हें अपने ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने आज साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस उन खातों की जांच कर रही है जिन खातों में पीड़ित से रकम ट्रांसफर करवाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी