दुबई में नौकरी लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी, रिपोर्ट दर्ज
- अमरोहा निवासी युवक सहित 4 के खिलाफ ठगी में मुकदमा
मुरादाबाद, 14 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र निवासी एक युवक की नौकरी दुबई में लगवाने के नाम पर अमरोहा के युवक और उसके साथियों ने डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना मझोला क्षेत्र के लोधीपुर जवाहरनगर निवासी प्रमोद कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पहले थाना सिविल लाइंस के मऊ नया गांव में रहता था। एक दिन उसकी मुलाकात अमरोहा जिले के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के जमना मिलक गांव निवासी आसिफ से हुई। आरोपी ने प्रमोद से कहा कि वह दुबई में उसकी एक लाख रुपये प्रति माह की नौकरी लगवा देगा। मऊ नयागांव के ही गुलाम वारिस के घर आरोपित आसिफ ने उससे मेडिकल प्रमाण पत्र और वीजा बनवाने के नाम पर अलग-अलग तारीख में डेढ़ लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपित ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित आसिफ और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ आज रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

