home page

क्राइम ब्रांच का फर्जी अधिकारी बनकर दिनदहाड़े साढ़े पांच लाख के सोने के गहने लेकर फरार हुए बदमाश

 | 

जलपाईगुड़ी , 02 नवंबर (हि. स.)। जलपाईगुड़ी शहर में क्राइम ब्रांच का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सोमवार को सामने आया है। दो शातिर बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति से करीब साढ़े पांच लाख रुपये के सोने के गहने ठग लिए। घटना जिला परिषद परिसर के पास हुई। इस वारदात के बाद शहर के लोगों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, देशबंधुनगर निवासी और जिला परिषद परिसर में कैंटीन चलाने वाले रथीन कुंडू सोमवार स्कूटी से अपनी कैंटीन जा रहे थे। इसी दौरान जिला परिषद के पास हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने रथीन कुंडू पर गलत दिशा से स्कूटी चलाने का आरोप लगाते हुए बहस शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए एक पहचान पत्र भी दिखाया।

आरोपितों ने शहर में हाल के दिनों में छिनतई की घटनाएं बढ़ने का हवाला देते हुए उन्हें गले की चेन और हाथ की अंगूठियां उतारकर जेब में रखने को कहा। उनकी बातों पर भरोसा कर रथीन कुंडू ने चार सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन उतार दी। बदमाशों ने गहनों को एक कागज में लपेटकर उनकी जेब में रख दिया।

इसी तरीके से आरोपितों ने एक अन्य बाइक सवार को भी निशाना बनाया और फिर मौके से फरार हो गए। कैंटीन पहुंचने के बाद जब रथीन कुंडू ने जेब से कागज निकालकर देखा, तो उसमें सोने के गहनों की जगह एक पत्थर मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

घटना को लेकर कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस को प्राथमिक तौर पर आशंका है कि इस वारदात के पीछे दूसरे राज्य का कोई पेशेवर ठगी गिरोह शामिल हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार