home page

धोखाधड़ी मामले में सपा की पूर्व महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल और उनके पति पर मुकदमा दर्ज

 | 

मथुरा, 24 अक्टूबर(हि.स.)। मथुरा में जमीन के एक बड़े सौदे में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने का मामला सामने आया है। थाना महावन क्षेत्र के गांव निवासी बनै सिंह उर्फ बन्नी सिंह की शिकायत पर एसएसपी के आदेश पर शनिवार समाजवादी पार्टी की पूर्व महानगर अध्यक्ष ऋतु सक्सेना उर्फ ऋतु गोयल और उनके पति मनोज गोयल के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पीड़ित के अनुसार करीब 2 करोड़ 16 लाख 66 हजार रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ था, जिसके एवज में आरोपियों ने केवल 14 लाख रुपये दिए और 3 लाख रुपये का चेक भी बाउंस हो गया। पीड़ित का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर 22 अप्रैल 2026 की तारीख के फर्जी स्टांप और नोटरी दस्तावेज तैयार किए और बैंक खातों व आधार कार्ड का दुरुपयोग कर जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत में मनोज गोयल पर अपहरण, लूट और धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने जैसे दर्जन भर से अधिक पुराने मुकदमे दर्ज होने का भी जिक्र है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार