home page

सरकारी योजनाओं में लोन दिलाने का झांसा : 5.20 लाख का फ्रॉड

 | 
सरकारी योजनाओं में लोन दिलाने का झांसा : 5.20 लाख का फ्रॉड


जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। सरकारी योजनाओं के तहत व्यापारियों और औद्योगिक उद्यमियों को कम ब्याज दर पर ऋण एवं अनुदान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मसूरिया निवासी सलमान खान ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ न्यायालय में इस्तगासा पेश किया। न्यायालय के आदेश पर देवनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

परिवादी सलमान खान पुत्र सरदार खान निवासी 64, सिंधी मुस्लिम बस्ती, मसूरिया ने इस्तगासे में बताया कि वर्ष 2024 में ए.सी.ओ.लाइट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकृत व्यक्तियों पुष्कर शर्मा, सौरभ वर्मा और मुहम्मद रजा ने उनसे संपर्क किया था। आरोपितों ने व्यापारियों और औद्योगिक उद्यमियों को सरकारी योजनाओं के तहत कम ब्याज दर पर ऋण एवं अनुदान दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए पूर्व में कई फर्मों को लाखों रुपये का ऋण एवं अनुदान दिलाने के उदाहरण भी दिए गए।

परिवादी के अनुसार कंपनी ने सेवाओं के बदले मिलने वाली राशि में कमीशन और अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का लालच दिया। साथ ही तय समय में काम नहीं होने पर पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे पर परिवादी ने अपने ग्राहक एन.एस. रॉयल एंटरप्राइजेज का ऋण करवाने का काम कंपनी को सौंपा और व्हाट्सऐप पर भेजे गए भुगतान लिंक के माध्यम से ऑनलाइन राशि जमा करवाई। आरोप है कि कंपनी ने न तो तय समय में काम किया और न ही रकम वापस लौटाई।

इसके बाद एचएनके सन्स के लिए व्यापारी ऋण का काम दिया गया, लेकिन आरोप है कि कंपनी ने अत्यधिक ब्याज दर पर ऋण करवाया, जिससे ग्राहक को आर्थिक नुकसान हुआ। वहीं एस.एन. हाइजीन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को अनुदान दिलाने के नाम पर भी करीब 5 लाख 20 हजार 970 रुपये प्राप्त करने के बावजूद कोई काम नहीं किया गया।

परिवादी ने आरोप लगाया कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद कंपनी के प्रतिनिधि केवल आश्वासन देते रहे। बाद में फोन, व्हाट्सऐप और ई-मेल के माध्यम से संपर्क करना भी बंद कर दिया। इस संबंध में 28 नवंबर 2025 को कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन उसका भी कोई जवाब नहीं मिला।

परिवादी ने 25 दिसंबर 2025 को देवनगर थाने में रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस आयुक्त को भी शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में इस्तगासा पेश किया।

न्यायालय से इस्तगासा पुलिस थाना देवनगर पहुंचने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी कमल किशोर ने प्रकरण का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जगराम को सौंपा है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश