home page

नौकरी का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी करने वाला आठ माह से फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
नौकरी का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी करने वाला आठ माह से फरार आरोपित गिरफ्तार


डूंगरपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। एलडीसी और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में डूंगरपुर कोतवाली पुलिस ने आठ माह से फरार आरोपित अरविंद वडेरा को बांसवाड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने नौकरी का नियुक्ति आदेश दिलाने का भरोसा देकर राशि ली थी, लेकिन न नौकरी लगवाई और न ही रुपए लौटाए।

कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह राजावत ने बताया कि ब्रह्मस्थली कॉलोनी निवासी मेघा सोनी ने 26 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें उसने बताया कि अरविंद वडेरा निवासी रोहिड़ा ने उनके पति सचिन सोनी को डूंगरपुर में एलडीसी/ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और 3.50 लाख रुपए ले लिए। आरोपित ने नवंबर-दिसंबर 2025 तक नियुक्ति आदेश दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई। रुपए वापस मांगने पर भी वह टालमटोल करता रहा।

मामले में कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(2) में केस दर्ज किया गया था। वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार था। उसकी तलाश में कई बार दबिश दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ में ठगी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष