ड्राई फ्रूट कारोबारी से 1.54 लाख का फ्रॉड : शातिर ने काजू भेजने के नाम पर ठगा
जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। शहर के कायलाना रोड पर एक होटल के पीछे रहने वाले ड्राई फ्रू ट कारोबारी से किसी शातिर ने फेसबुक पर काजू भेजने के नाम पर फ्रॉड कर 1.54 लाख की ठगी कर ली। पीडि़त के साथ घटना 28 अक्टूबर को हुई थी। प्रतापनगर पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
प्रतापनगर पुलिस ने बताया कि कायलाना रोड स्थित एक होटल के पीछे गणपति विहार विस्तार में रहने वाले कारोबारी वैभव पुत्र इंद्रमल राठी ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह 28 अक्टूबर को सोशल मीडिया फेसबुक पर बैठा था। तब किसी शातिर से संपर्क हुआ और उसने काजू भेजने के नाम पर फर्जी तरीके से पहले ट्रांसपोर्ट एलआर का बिल भेजा। विश्वास जीतने के बाद रूपयों की मांग की गई। इस पर विश्वास में आकर उसके बताए अनुसार खाते में 1 लाख 54 हजार रूपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। मगर उसके बाद शातिर ने अपना फोन बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दी गई। अब प्रतापनगर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

