home page

अनूपपुर: चोरी का चौथा आरोपी गिरफ्तार, 28 हजार के गहने बरामद, 10 दिन पहले हुई थी चोरी

 | 
अनूपपुर: चोरी का चौथा आरोपी गिरफ्तार, 28 हजार के गहने बरामद, 10 दिन पहले हुई थी चोरी


अनूपपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की बिजुरी पुलिस ने शासकीय आवास में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले फरार चौथे आरोपी को बुधवार काे गिरफ्तार कर आरोपी के पास से 28 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि शोभा जायसवाल पति लवकुश जायसवाल ने 20 अगस्त को थाने में शिकायत में बताया था कि 15 से 18 अगस्त के मध्य अज्ञात चोरों ने थानगाँव स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के उनके शासकीय आवास का ताला तोड़ दिया था। चोर रसोई और कमरे में घुसकर इंडक्शन, हेयर ड्रायर, लैपटॉप, मोबाइल, बैटरी, सोने के ईयर रिंग, सोने का लॉकेट, 8 नग चाँदी के चूड़े और 35 हजार रुपए नकद सहित कुल 95,000 रुपए का सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामले में धारा 331 (4) और 305 (ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में ही थानगांव निवासी तीन आरोपियों मूलचंद केवट, विकास सिंह गोंड और अशोक सिंह गोंड को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। वारदात के बाद से चौथा आरोपी राजकुमार उर्फ चरकू केवट निवासी थानगांव लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर राजकुमार ने अपना अपराध घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने के ईयर रिंग, सोने का लॉकेट और 8 नग चांदी के चूड़े बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 28,000 रुपये है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला