home page

जांजगीर-चांपा: कार में हथियार लेकर घूम रहे 4 संदिग्ध गिरफ्तार, चाकू समेत कई सामान जब्त

 | 
जांजगीर-चांपा: कार में हथियार लेकर घूम रहे 4 संदिग्ध गिरफ्तार, चाकू समेत कई सामान जब्त


जांजगीर-चांपा, 13 अक्टूबर (हि. स.)। जिले की चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ घूम रहे चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपित ब्रेजा कार में सवार होकर चांपा क्षेत्र में घूम रहे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपित चोरी या नकबजनी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपितों के कब्जे से दो धारदार चाकू, लोहे की रॉड, पेचकस सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर आज मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त की जा रही है। इसी दौरान चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बरपाली चौक के पास ब्रेजा कार में सवार कुछ संदिग्ध युवक हथियार दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने ब्रेजा कार को रोककर उसमें सवार चार युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो बड़े धारदार चाकू, कार में छिपाकर रखी लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार बरामद हुए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लिहास अली (24 वर्ष), निवासी फरहदा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर, मुकेश यादव (30 वर्ष), निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, शबान (26 वर्ष), निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा और साबीर खान (24 वर्ष), निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से चोरी, नकबजनी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। संदिग्ध परिस्थितियों में हथियार और अन्य सामान के साथ पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 553/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे सहित चांपा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT