सोलह लाख की एमडी और 6.8 लाख की स्मैक सहित चार तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी और स्मैक की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 162.98 ग्राम एमडी, 34.05 ग्राम स्मैक, 9730 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद मादक पदार्थों की कीमत करीब 22.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी टीम ने गलता गेट, खो-नागोरियान और चित्रकूट थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई कर मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा।
पहली कार्रवाई में गलता गेट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय ऑटोमोबाइल नगर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने विकास (24) और भगत सिंह (25) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 162.98 ग्राम एमडी और एक मोटरसाइकिल जब्त की।
दूसरी कार्रवाई में खो-नागोरियान थाना क्षेत्र में आरोपी अजय सिंह मीणा (24) को गिरफ्तार कर उसके पास से 29.57 ग्राम स्मैक और 9730 रुपए बरामद किए गए। तीसरी कार्रवाई चित्रकूट थाना क्षेत्र में की गई, जहां आरोपित मनोहर (26) को 4.48 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

