स्कार्पियो में छिपाकर ले जा रहे थे स्मैक, पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा
सीवान, 09 नवंबर (हि.स.)। सीवान जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना पुलिस ने चार कथित स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 20 ग्राम स्मैक जैसा मटमैले रंग का नशीला पदार्थ, एक स्कार्पियो और तीन मोबाइल फोन बरामद किये हैं। गिरफ्तार आरोपितों में तीन सीवान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखरांव गांव के रहने वाले हैं, जबकि एक गोपालगंज जिले का निवासी है।
पुलिस के अनुसार मुफ्फसिल थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कार्पियो से स्मैक का कारोबार करने वाला व्यक्ति गोपालगंज मोड़ होते हुए बाइपास की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुफ्फसिल थाना गेट के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध सफेद स्कार्पियो को रोककर तलाशी ली जाने लगी।
पुलिस को देखते ही वाहन में सवार चालक समेत चार लोग उतरकर इधर-उधर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद सशस्त्र बल के सहयोग से चारों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान स्कार्पियो की ड्राइवर सीट में लगे कवर के अंदर छिपाकर रखा गया प्लास्टिक का पॉकेट मिला। इसमें 20 ग्राम स्मैक जैसा मटमैले रंग का नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर स्कार्पियो और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिये। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखरांव गांव निवासी धर्मेन्द्र यादव, मुन्ना यादव और सुकुल कुमार यादव तथा गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के इन्दरवा एबदुल्लाह निवासी उपेन्द्र गुप्ता के रूप में हुई है। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 545/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी), 21(बी), 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह के साथ मुफ्फसिल थाना के पुलिसकर्मी और जिला आसूचना इकाई के सदस्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

