किशनगंज में स्मैक के साथ महिला समेत चार तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 21 मई (हि.स.)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.67 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ई-रिक्शा को भी जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक ग्रे रंग का ई-रिक्शा (बीआर 37 ईआर 5216) स्मैक की खेप लेकर एमजीएम रोड के रास्ते किशनगंज शहर में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने कैलटेक्स चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर एमजीएम मेडिकल कॉलेज की ओर भागने लगा। इसके बाद पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर ई-रिक्शा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक महिला के अंतःवस्त्र में छिपाकर रखी गई 8.67 ग्राम स्मैक बरामद की। बरामदगी के बाद मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरिया भट्टा वार्ड संख्या-29 निवासी सुनिता देवी, पति चुन्ना साहा, ई-रिक्शा चालक सौरभ वर्मन उर्फ काजू, पिता जय वर्मन, प्रताप कुमार राय उर्फ पकौड़ी, पिता विनोद राय तथा विवेक तालुकदार उर्फ चीकू, पिता विनय तालुकदार के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से पश्चिम बंगाल से स्मैक खरीदकर किशनगंज में बेचने का काम कर रहे थे। बिक्री से होने वाली रकम को आपस में बांट लिया जाता था।
सदर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

