नाेएडा के विभिन्न क्षेत्राें में एक ही रात में चार ने की आत्महत्या, दो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नोएडा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पिछले 24 घंटे में नाेएडा के विभिन्न थाना क्षेत्राें में मानसिक तनाव के चलते चार लाेगाें आत्महत्या कर ली, जबकि दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मामलाें की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि बुधवार की रात सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले लव कुश पुत्र रोहतास सिंह उम्र 21 वर्ष ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर पर पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से जनपद बुलंदशहर का रहने वाला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि नोएडा के अगाहपुर गांव में किराए पर मकान लेकर रह रहे 22 वर्षीय योग दर्शन भारद्वाज पुत्र मुकेश कुमार निवासी खैर जनपद अलीगढ़ ने बीती रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि आत्महत्या का कारण का पता नहीं चला है।
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि रोहित रावत पुत्र धनवीर सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी मधु विहार खोड़ा कॉलोनी ओ अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
थाना ईकोटेक -3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि योगेश पुत्र जितेंद्र मूल निवासी जनपद अलीगढ़ हाल निवासी सुभाष का मकान गली नंबर 3 ग्राम सुत्याना ने बीती रात को मानसिक तनाव के चलते अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर माैत काे गले लगा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लग रही है।
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि तुगलपुर गांव में रहने वाले सत्यम उमराव पुत्र कमल किशोर उमराव उम्र 26 वर्ष मूल निवासी जनपद फतेहपुर की बीती रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।
थाना ईकोटेक- तीन के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि मूलनिवासी जनपद मैनपुरी मौजूदा समय में थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव में रहने वाली सुमन कुमारी पत्नी अमित काे उनके परिजनों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

