गुना: दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोगों की मौत
गुना, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में शनिवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के लटेरी-सुठालिया मार्ग पर नलखेड़ा गांव की पुलिया के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सिरोंज निवासी भगवान सिंह सिलावट और धर्मेंद्र नायक तथा मधुसूदनगढ़ निवासी महेश पुत्र शंभू चौरसिया और बृजेश यादव के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सिरोंज निवासी भगवान सिंह और धर्मेंद्र काम के सिलसिले में सुठालिया की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार महेश और बृजेश सिरोंज की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नलखेड़ा पुलिया के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में शामिल मोटरसाइकिलों के पंजीयन क्रमांक एमपी 08 एमडब्ल्यू 4476 और एमपी 40 जेडएच 9085 बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुसूदनगढ़ अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी गोपाल चौबे ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

