home page

शहजाद अली हत्याकांड में चार और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच की हुई गिरफ्तारी

 | 

सीवान, 03 जून (हि.स.)। जिले में

बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए चर्चित शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले में संलिप्त चार अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस कांड में अब तक कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को शिवराजपुर गांव निवासी शहजाद अली की हत्या कर दिए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए और मामले की जांच शुरू की।

इस संबंध में बड़हरिया थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज करते हुए सात नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। वहीं आगे की जांच में चार अन्य आरोपितों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक कुल पांच अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाकर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma