home page

बकरा कारोबारी लूट में चार और गिरफ्तार, 1.29 लाख रुपये बरामद

 | 
बकरा कारोबारी लूट में चार और गिरफ्तार, 1.29 लाख रुपये बरामद


कानपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। शिवराजपुर में बकरा कारोबारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चार और आरोपितों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 1.29 लाख रुपये नकद, दो तमंचे और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि शिवराजपुर क्षेत्र में बकरा कारोबारी से हुई लूट के मामले में पूर्व में जेल भेजे गए आरोपितों से पूछताछ और जांच के आधार पर वांछित आरोपितों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में शिवराजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके पास से लूट की रकम में से 1,29,900 रुपये, दो तमंचे और कारोबारी का लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बकरा कारोबारी ई-रिक्शा से कन्नौज जा रहे थे। शिवराजपुर क्षेत्र में डुबियाना और गंगा रोड अंडरपास के बीच एक्सयूवी सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया था। डंडों से वाहन के शीशे तोड़ने के बाद तमंचे के बल पर कारोबारियों को धमकाकर नकदी और मोबाइल लूट लिए गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पहले कुछ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि चार आरोपित फरार चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार सोमवार को शिवली रोड पर चेकिंग के दौरान दो स्कूटी पर सवार संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस ने गौरी अभयपुर-टकटौली मार्ग पर घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद साहिल, सचिन ठाकुर, शशांक पांडेय उर्फ छोटा पंडित और अंश तिवारी उर्फ वैभव तिवारी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप