मनरेगा में बिना काम किए 4.62 लाख की निकासी, चार कर्मियों से होगी वसूली
दरभंगा, 21 नवंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा योजनाओं में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। भट्टपुरा-ब्रह्मपुरा पंचायत के भट्टपुरा गांव में तीन योजनाओं के तहत बिना कार्य कराए 4.62 लाख रुपये की निकासी किए जाने के मामले में उप विकास आयुक्त ने सख्त कार्रवाई की है।
उन्होंने तत्कालीन कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश रौशन, सहायक अभियंता रामनारायण गुप्ता, लेखापाल रौशन कुमार एवं रोजगार सेवक सह योजना अभिकर्ता अंजनी कुमार सिंह से कुल 4 लाख 62 हजार रुपये की वसूली का आदेश दिया है।
पत्रांक 2730, दिनांक 4 नवंबर 2026 के माध्यम से जारी आदेश में चारों कर्मियों को एक माह के भीतर समानुपातिक रूप से 92,400 रुपये प्रति व्यक्ति बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी, पटना के खाते में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
परिवादी आदित्य कुमार मंडल सहित अन्य लोगों की शिकायत पर कार्यक्रम पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने मामले की स्थलीय जांच की थी। 16 मार्च 2026 को सौंपे गए जांच प्रतिवेदन में योजनास्थल पर कार्य कराए जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिलने की बात सामने आई। इतना ही नहीं, सूचना पट, कार्य से संबंधित फोटो-वीडियो और सत्यापित मापी पुस्त भी अभिलेखों में उपलब्ध नहीं थी।
जांच के दौरान पूर्व से निर्मित सड़क पर दोबारा मिट्टीकरण एवं खरंजाकरण का प्राक्कलन तैयार किए जाने पर भी सवाल उठाए गए। जांच प्रतिवेदन के अनुसार तीनों योजनाओं में क्रमशः 1,47,120 रुपये, 1,45,440 रुपये और 1,69,440 रुपये की निकासी की गई थी।
उप विकास आयुक्त के वसूली आदेश के बाद संबंधित कर्मियों में हड़कंप है। इस मामले ने मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन, अभिलेखों के संधारण और सरकारी राशि की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि निर्धारित समय सीमा में राशि की वसूली होती है या नहीं और इस मामले में आगे की जवाबदेही भी तय की जाती है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

