home page

भैंस-पड़वा चोरी करने वाले गिरोह के 04 सदस्य गिरफ्तार, 81 पड़वा और 80 हजार नकद बरामद

 | 
भैंस-पड़वा चोरी करने वाले गिरोह के 04 सदस्य गिरफ्तार, 81 पड़वा और 80 हजार नकद बरामद


बांदा, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा की बदौसा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भैंस और पड़वा चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के चार सदस्यों को घटना की सूचना मिलने के मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 81 पड़वा (मवेशी), 80 हजार रुपये नकद, चोरी और परिवहन में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन, एक अवैध तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना बदौसा क्षेत्र के निजामी नगर अंश दुबरिया निवासी बोडाराम यादव पुत्र सुमेरा यादव ने 2 जुलाई 2026 को थाने में सूचना दी थी कि उनके घर के बाहर बंधी दो भैंस और एक पड़वा अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।

सूचना मिलते ही बदौसा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हड़हा माफी रोड से भुसासी गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी अफसर कुरैशी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप और एक डीसीएम वाहन भी कब्जे में लिया। इसके अलावा 81 पड़वा और 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों से पशुओं की चोरी करते थे और उन्हें दूसरे जिलों में ले जाकर बेच देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने किन-किन स्थानों पर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन उर्फ अवधेश पुत्र हीरालाल निवासी कच्ची गली कस्बा बदौसा, युसुफ खान पुत्र अजमत खान निवासी निजामी नगर अंश दुबरिया थाना बदौसा, शारीक पुत्र सद्दीक निवासी कोर्रही थाना बिसंडा तथा अफसर कुरैशी पुत्र आफाक कुरैशी निवासी कोर्रही थाना बिसंडा शामिल हैं।

थानाध्यक्ष बदौसा राधाकृष्ण तिवारी ने गुरुवार को बताया कि गिरोह के नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में गहन जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह