home page

सिरसा: लूटपाट गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

 | 
सिरसा: लूटपाट गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार


सिरसा, 27 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लूटी गई राशि बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव खैरेकां निवासी विजय, अजय, नरेश कुमार व सन्नी कुमार के रूप में हुई।

सदर थाना प्रभारी ने सोमवार को बताया कि इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी प्रिंस ने पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि वह रविवार दोपहर को ई-रिक्शा लेकर बस स्टैंड खैरेकां पर खड़ा था। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया और उसे अपनी ढाणी से सामान लाने के बहाने साथ ले गया। रास्ता कच्चा होने का हवाला देकर युवक ने ई-रिक्शा खड़ा करवाया और उसे अपने साथ ले गया। जब वे रेलवे लाइन के पास स्थित एक मकान पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद तीन अन्य युवकों ने उसे जबरन कमरे में बंद कर लिया और डरा-धमकाकर उसकी जेब से दो हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसे डबवाली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर ले गए, पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को बिना बताए उसके मोबाइल से 5050 रुपये ट्रांसफर करवाए और पेट्रोल पंप कर्मचारियों से नगद राशि ले ली। इसके अतिरिक्त 1400 रुपये अन्य मोबाइल नंबर पर डलवाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के संज्ञान में आया तो उन्होंने पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी नशा करने की आदी है और नशे की पूर्ति के लिए अकसर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई राशि भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma