अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार
सुलतानपुर, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के थाना कुड़वार पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है। इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम भी दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम ने थाना कुड़वार के फिरोजपुर कलां तिराहा से चार आरोपितों को गिफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में जावेद, अजीम कुरैशी और मो. आदिल जो हिस्ट्रीशीटर हैं। इन सभी के खिलाफ 23 से अधिक मुकदमे अलग अलग थानों में दर्ज हैं। इसके अलावा अजय कुमार कोरी, जिस पर छह मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे चोरी करने से पहले लक्ष्य वाले मकान की रेकी करते थे। कई दिनों तक आने-जाने के रास्तों और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जाती थी। पकड़े जाने से बचने के लिए वे घटना के समय अपने मोबाइल फोन साथ नहीं ले जाते थे या उन्हें स्विच ऑफ करके दूर रख देते थे। वे घर के सदस्यों के सो रहे होने के बावजूद अत्यंत शातिर तरीके से चोरी को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
चोरी की गई चांदी को खपाने और सोने-चांदी को गलाने में सुलतानपुर के पंजाबी कॉलोनी निवासी जौहरी मनीष जायसवाल उनकी मदद करता था। मनीष जायसवाल ही चोरी के आभूषणों को बेचकर अपना हिस्सा रखता था और बाकी पैसे गिरोह में बांटता था। फिलहाल कुछ चोरियों के माल के साथ मनीष जायसवाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सभी मुकदमों में धाराएं बढ़ाई गई हैं।
इस गिरोह की गिरफ्तारी से सुलतानपुर और प्रतापगढ़ जिले की कई बड़ी चोरियों का खुलासा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

