home page

डकैती की साजिश नाकाम, अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार

 | 
डकैती की साजिश नाकाम, अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। थाना कोहना क्षेत्र में बड़ी डकैती की योजना बना रहे अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाश को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। शातिरों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, 38 हजार नकद, मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और डकैती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

थाना कोहना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान शहर में डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि जनपद की सीमाओं और थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे नाकाबंदी अभियान के दौरान सूचना मिली कि सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो में कुछ संदिग्ध लोग सवार होकर शहर की ओर आ रहे हैं।

सूचना पर गंगा बैराज पुलिस चौकी और कर्बला चौराहे पर तैनात पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। गंगा बैराज के पास वाहन रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। इसके बाद कर्बला चौराहे पर बैरियर लगाकर स्कॉर्पियो को रोक लिया गया। इस दौरान सर्वेश त्रिपाठी और संतोष साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चार अन्य आरोपित भाग निकले।

गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में शहर में डकैती की योजना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने मैगजीन घाट के पास गंगा किनारे स्थित खंडहर में दबिश देकर रोहित यादव उर्फ नेपाली और संजीत साहनी उर्फ पहाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, रिंच (पाना), तार कटर, स्टील ब्लेड, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, 38 हजार नकद और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपित शातिर एवं अभ्यस्त अपराधी हैं। उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ थाना मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप