बिहार के सारण में बांग्लादेशी महिला समेत चार हिरासत में
सारण, 29 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में सारण जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार के निर्देशन में मकेर और अमनौर थाना की संयुक्त टीम ने लच्छी कैतुका और नाटकशाला बाजार के समीप छापेमारी कर एक अवैध ऑर्केस्ट्रा गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला और एक नाबालिग लड़की समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि गिरोह द्वारा नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाया जाता था और उनसे जबरन आपत्तिजनक नृत्य कराया जाता था।
पुलिस ने मौके से एक विधि-विरुद्ध बालिका को भी रेस्क्यू किया है। गिरोह का एक मुख्य अभियुक्त फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस मामले में एक बांग्लादेशी महिला की गिरफ्तारी है। पुलिस उक्त महिला के भारत में अवैध निवास यहां ठहरने के स्रोतों और उसके नेटवर्क की सघनता से जांच कर रही है। इस विदेशी कनेक्शन को देखते हुए सारण पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय से भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा रहे हैं, ताकि किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा एक के नेतृत्व में हुई इस सफल छापेमारी के बाद अमनौर थाना कांड संख्या 179/26 दर्ज किया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों का पता लगा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

