राजगढ़ः ऑपरेशन चक्रव्यूह में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 दिन में 868 वारंट तामील,520 वारंटियों पर शिकंजा
राजगढ़, 03 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में फरार और न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तारी से बच रहे आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई की है। 30 अगस्त से 2 सितंबर तक चले विशेष कॉम्बिंग गश्त एवं वारंट तामीली अभियान में पुलिस ने जिलेभर में कुल 868 वारंट तामील कराए। इनमें 394 स्थायी और 474 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 520 वारंटियों की धरपकड़ की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने वारंटियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही रात-दिन कॉम्बिंग गश्त की। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपितों और न्यायालयीन कार्रवाई से बचने वालों की जानकारी जुटाकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे वारंटियों को विशेष रूप से निशाने पर लिया, जो लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर थे। टीमों ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर मिले इनपुट के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लंबित वारंटों की तामीली हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए कॉम्बिंग गश्त एवं वारंट तामीली अभियान आगे भी जारी रहेगा। न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे आरोपियों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार एवं वांछित आरोपितों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

