कानपुर नगर: ज्वैलर्स की दुकान से 60 लाख रुपये की ज्वैलरी की चोरी का खुलासा, दंपती समेत चार गिरफ्तार
कानपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में काकादेव थाना पुलिस और सेंट्रल जोन सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने विजय नगर स्थित ज्वैलर्स की दुकान में हुई करीब 60 लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी का खुलासा करते हुए दंपती समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि बीती 11 जुलाई को काकादेव थाना क्षेत्र स्थित ज्योति ज्वैलर्स के संचालक देवेन्द्र नाथ वर्मा ने दुकान से आभूषण और नकदी से भरा बैग चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद काकादेव थाना पुलिस और सेंट्रल जोन सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपित विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी चारू देवी को औरैया से गिरफ्तार किया गया। वहीं, चोरी का माल खरीदने वाले दो सर्राफ गौरव गुप्ता और शर्मनलाल को कानपुर देहात और औरैया से दबोचा गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि विकास उर्फ अद्दू वारदात से पहले लगातार तीन से चार दिन तक ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा और पूरे घटनास्थल की रेकी की। घटना वाले दिन दुकानदार के कुछ देर के लिए बाहर निकलते ही वह आभूषण और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट हटा दी और पत्नी के साथ दिल्ली, सोनीपत, गुरुग्राम तथा मानेसर सहित कई शहरों में घूमता रहा।
डीसीपी ने बताया कि आरोपितों ने चोरी के कुछ आभूषण दो सर्राफों को बेच दिए थे। बिक्री से मिली रकम से दोनों ने घूमने-फिरने, नए कपड़े खरीदने और मौज-मस्ती की। पुलिस ने दोनों सर्राफों के कब्जे से बेचे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। बरामदगी में बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल शामिल है। बरामद माल का कुल अनुमानित मूल्य करीब 60 लाख रुपये है।
अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य आरोपित विकास उर्फ अद्दू शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर सहित 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

