मुजफ्फरनगर में दंपति और दो मासूम बच्चों की लाश कमरे में मिली
मुजफ्फरनगर, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में मंगलवार काे दंपति और दो मासूम बच्चों की लाश कमरे में मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने घटनास्थल का मौका मुआयाना किया।
एसएसपी ने पत्रकारों को बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सरवट इलाके में इरशाद (35) पत्नी नूरीन (38) दो बच्चे आहिल और छह से सात माह की बेटी अक्शा के साथ रहता था। वह पेंटिग का काम करता था। मंगलवार को भाई नौशाद कमरे में पहुंचा ताे देखा कि उसके भाई इरशाद का शव फांसी के फंदे से लटक रहा है, जबकि पत्नी और दो बच्चों की लाश कमरे में पड़ी थी। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, क्षेत्राधिकारी मंडी राजू कुमार, थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल की जांच की।
पुलिस पूछताछ में घरवालों से पता चला है कि घर आई बहन शाहीन को ईदी के तौर पर इरशाद ने कुछ रुपये दिए थे। इसको लेकर रात भर पत्नी नुरीन ने इरशाद से झगड़ा किया। आशंका है कि इसी वजह से पहले इरशाद ने पत्नी और बच्चों की मारा डाला फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी है। वहीं, नुरीन की बहन अर्शी का कहना है कि शादी को अभी पांच साल बीते है। अक्सर दाेनाें में झगड़ा हाेता था। लड़की के घरवालों ने आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

