सिरसा: लाखों का चूरापोस्त व हेरोइन बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 19 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से चार तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की है। एएनसी स्टाफ प्रभारी रणजोध ने रविवार को बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान परविंद्र सिंह, गौतम, शंटी सिंह व हरबंस सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि परविंद्र सिंह चूरापोस्त तस्करी का धंधा करता है और चूरापोस्त बेचने की फिराक में है।
पुलिस ने सूचना के आधार उसके घर दबिश दी। इसी दौरान परविंद्र सिंह प्लास्टिक का थैला लेकर कहीं जाने की फिराक में था, पुलिस ने उसे दबोच लिया। थैले से करीब 20 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी परिवंद्र सिंह ने बताया कि उसे गौतम ने चूरापोस्त सप्लाई किया है, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोप में शंटी सिंह व हबंस को गिरफ्तार किया है। कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस टीम कालांवाली क्षेत्र में गश्त पर थी। असीर रोड पर एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे हरबंस सिंह ने हेरोइन बेचने के लिए दी थी। पुलिस ने आरोपी हरबंस को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र में एक मकान का ताला तोडक़र लाखों रुपये के आभूषण व 50 हजार रुपये की नकदी चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों सुनील कुमार व मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। अशोक कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई की वह परविार के साथ खाटू श्याम मंदिर गया हुआ था। 15 अप्रैल को घर लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था और लाखों रूपये के आभूषण व नकदी गायब थी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सुराग जुटाकर वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

