home page

सिरसा: पुलिस ने दो भाइयों सहित चार नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

 | 
सिरसा: पुलिस ने दो भाइयों सहित चार नशा तस्करों को किया गिरफ्तार


सिरसा, 10 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए दो सगे भाइयों सहित चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23 किलोग्राम चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी बलविंद्र सिंह, नवीन, नवदीप सिंह व गोबिंद सिंह के रूप में हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सिरसा ने शुक्रवार बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान सिरसा जिले के रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान नहर पुल के पास एक बाइक सवार युवक प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और थैले की तलाशी ली तो उसमें से 16 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।इसके अलावा एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस ने ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के गांव बुढीमेड़ी से बाइक सवार दो भाइयों को काबू कर उनके कब्जे से 7 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस टीम गश्त के दौरान ममेरांकलां-बुढीमेड़ी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव ममेरां कलां की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक प्लास्टिक थैले लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान थैले से चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन व नवदीप सिंह के रूप में हुई।

पुलिस ने सिरसा जिले के गांव ढुढियांवाली क्षेत्र से आरोपी गोबिंद को सात ग्राम 18 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एबीवीटी स्टाफ सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव ढुढियांवालीं की तरफ जा रही थी। इस दौरान पुलिस टीम जब गांव ढुढियांवाली के नजदीकी पंहुची तो गांव की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुडक़र भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma