home page

सिरसा: पति-पत्नी सहित चार नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 
सिरसा: पति-पत्नी सहित चार नशा तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 06 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पति-पत्नी सहित चार तस्करों को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

सीआईए सिरसा प्रभारी ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम पुराना केलनिया घग्गर बांध पर मौजूद थी। इस दौरान गांव खैरेकां की तरफ से मोटरसाइकिल पर तीन लोग आते दिखाई दिए, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। मोटरसाइकिल चालक ने पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उनका पीछा किया। पुलिस ने बाइक सवार लोगों को रोक लिया और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी करण सिंह, उसकी पत्नी रिया व पंजाब के जिला मुक्तसर निवासी सागर के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में पुलिस ने गांव रोड़ी क्षेत्र से बाइक सवार युवक गुरदीप को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद की है।

दूसरे मामले में पुलिस ने जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र से एक युवक को दो अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर अचानक वापस मुडक़र गांव की तरफ भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर व 32 बोर के अवैध पिस्ताेल बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma