सिरसा: 15 लाख रुपये की हेरोइन सहित चार तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 28 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला क्षेत्र से चार तस्करों को करीब 15 लाख रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों से करीब 78 ग्राम हेरोइन पकड़ी है।
सीआईए डबवाली प्रभारी ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरमन सिंह, अमनदीप सिंह, राजन व हरभजन सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान डबवाली के जवाहर नगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए जो कि सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर वापस ले जाने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान अमनदीप व गुरमन सिंह के रूप में हुई।
इसके अलावा पुलिस ने डबवाली के गुरु गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम से बाइक सवार युवक राजन को सात ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है। एनएनसी स्टाफ ने गांव डबवाली से हरभजन सिंह को काबू किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 21 ग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गांव डबवाली-जोगेवाला रोड गश्त कर रही थी। सामने से बाइक सवार युवक आया और पुलिस टीम को देखकर भागने लगा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में अभियोग दर्ज किया गया है।
चोरी के आभूषण खरीदने वाला बुलंदशहर से दबोचा
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने के मामले में एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य की पहचान की गई है। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम प्रभारी ने बताया कि ऐलनाबाद के वार्ड नंबर 13 निवासी दिवान चंद ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि परिवार के सदस्य किसी रिश्तेदारी में बाहर गए हुए थे। वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात लोग घर से करीब 30 ग्राम सोने के आभूषण व दस हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी ऐलनाबाद निवासी रवि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बताया कि उसने आभूषण बेच दिए हैं। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आभूषण खरीदार आरोपी रवि कुमार को बुलंदशहर उत्तर प्रदेश से काबू कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के दौरान चोरी की घटना में संलिप्त एक अन्य आरोपी की भी पहचान की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

