सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन पकड़ी, चार तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस ने सिरसा जिले क्षेत्र से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार उनके कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए तस्करों की पहचान हरजोत सिंह, रोहित, खुशदीप सिंह व सुखपाल सिंह के रूप में की गई। आरोपियों के कब्जे से करीब 21 ग्राम हेरोइन पकड़ी है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एएनसी स्टाफ डबवाली पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव जलालआना क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे रोहित ने हेरोइन सप्लाई की थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओढां निवासी रोहित को भी दबोच लिया।इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने गांव शेरगढ़ क्षेत्र से सुखदीप सिंह को हेरोइन सहित काबू किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हेरोइन बरामद करते हुए उसके मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। उधर, कालांवाली पुलिस ने गांव कालांवाली क्षेत्र से सुखपाल को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

