home page

देवरिया में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
देवरिया में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपित गिरफ्तार


देवरिया, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की गौरीबाजार और साइबर क्राइम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी और डिजिटल करेंसी के जरिए धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिराेह में शामिल चार आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। उनके कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान पवन वर्मा, शुभम सिंह, सैफ अंसारी और रोशन वर्मा के रूप में हुई है। सभी को साकेत नगर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपित म्यूल बैंक खातों, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर बाइनेन्स, टीजी एक्सचेंज और आईपे जैसे प्लेटफॉर्म पर खाते बनाते थे। इन खातों के माध्यम से डिजिटल करेंसी की खरीद-फरोख्त कर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को ठिकाने लगाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह पीओएस मशीनों के जरिए अवैध धन की निकासी और ट्रांसफर कर मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देता था।

गिरफ्तार आरोपिताें की निशानदेही पर पुलिस ने दो सिम कार्ड, दो पाइनलैब फोनपे पीओएस मशीन, एक ही नंबर वाले अलग-अलग नाम के तीन आधार कार्ड, इंडियन बैंक की मुहर, पैन कार्ड, निर्वाचन कार्ड, एक्सिस बैंक, एसबीआई और पीएनबी के एटीएम कार्ड तथा 52 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

इस मामले में थाना गौरीबाजार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह में कुल 23 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अन्य आरोपिताें की तलाश जारी है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक