home page

चार साइबर अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
चार साइबर अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


नवादा, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र में शुक्रवार को अलग अलग स्थानों से छापेमारी कर पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं हजारों रुपये नगदी के अलावा काफी संख्या में एटीएम, चेकबुक, पासबुक सहित अन्य सामान जो ठगी के धंधे से संबंधित हैं, उसे भी मौके से जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय पुलिस व सुरक्षा इकाई पटना के संयुक्त छापेमारी में गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के माफी गली निवासी सुधीर कुमार के पुत्र करण गोयल को गिरफ्तार किया। करण गोयल के पास से 46 सौ रुपये नगदी, विभिन्न बैंकों के आठ एटीएम कार्ड, छह चेकबुक, सात पासबुक, पांच कीपैड मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

बाद में करण गोयल के निशानदेही पर शुक्रवार को पुलिस ने सीमेंट फैक्ट्री के पश्चिम रेलवे लाइन के पास से थाना क्षेत्र के बलवापर गांव निवासी रामनरेश राय के पुत्र नीरज कुमार, अपसढ़ गांव निवासी स्वर्गीय सुरेन्द्र राउत के पुत्र सोनु कुमार एवं लीलाविगहा गांव निवासी टुनटुन तांती के पुत्र धनराज कुमार को गिरफ्तार किया गया।

बताया गया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी नीरज के पास से तीन कीमती मोबाइल, 36 हजार 700 रुपये नगद, दस एटीएम, दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड व एक वोटर कार्ड बरामद किया गया। जबकि सोनु के पास से दो कीमती मोबइल, 30 हजार रुपये नगदी, छह एटीएम व एक पैन कार्ड तथा धनराज के पास से एक मोबाइल, चार एटीएम व एक पैन कार्ड जब्त किया गया। इस तरह 71 हजार 700 रुपये नगदी, 26 एटीएम सहित काफी संख्या में ठगी में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री को गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से जब्त किया गया। गिरफ्तार सभी चार साइबर अपराधी को पुलिस ने जेल भेज दिया। इस आशय की जानकारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने दी।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन