बुर्के की आड़ में सात लाख की चोरी करने वाले चार शातिर गिरफ्तार
चोरों के पास से 4700 रुपये नकद, चांदी, तमंचा चोरी के उपकरण बरामद
हमीरपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुर्का पहनकर तमंचाधारी चोरों ने गुड़ व्यापारी के घर में घुस डेढ सौ ग्राम सोना, पांच सौ ग्राम चांदी सहित सात लाख रुपये की नकदी पार की थी। पुलिस ने एक सप्ताह में घटना का खुलासा करते हुए शुक्रवार को सैना रोड से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4700 रुपये नकद, 433 ग्राम चांदी के टुकड़े, तमंचा, कारतूस, चोरी के उपकरण और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
राठ के कोतवाल अनूप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कस्बे के छोटी जुलहेटी मोहल्ला निवासी गुड़ व्यापारी अनिल कुमार उर्फ पप्पू साहू के घर छह नवंबर की आधी रात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए बुर्का पहने चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब डेढ़ सौ ग्राम सोने और पांच सौ ग्राम चांदी के जेवरात के साथ सात लाख रुपये नकदी चोरी कर ली थी। चोरी किए गए आभूषणों में सोने का हार, मंगलसूत्र, छह अंगूठियां, कान के बाले और जंजीर शामिल थे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बुर्का पहने चोर कैद हुए थे। फुटेज में एक चोर के हाथ में तमंचा भी दिखाई दिया था। गुड़ व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
बताया कि एसएसआई शिवसहाय सरोज, एसआई अभिषेक त्रिवेदी ने पुलिस बल के साथ शुक्रवार को सैना रोड से गोविंद सिंह उर्फ गौरव राजपूत, विजय कुमार, सुनील कुमार उर्फ सोनू निवासीगण कैथा, अनिल कुमार निवासी कुल्हैंडा थाना मझगवां को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सफेद धातु के दो टुकड़े, तीन जोड़ी बुर्के, 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, लोहे की पाइप, कटर और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बाइक भी कब्जे में ली है। पुलिस ने चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जबकि अनिल कुमार के विरुद्ध गुण्डा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। आरोपित अनिल के विरुद्ध थाना जरिया, मझगवां, राठ में आठ मुकदमे दर्ज हैं। जबकि गोविंद के विरुद्ध राठ सहित पनवाड़ी, बांदा में मुकदमे दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

