राहगीर से लूट करने वाले चार शातिर आरोपित गिरफ्तार, नकदी और हथियार बरामद
बहराइच, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में थाना पयागपुर क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पर्दाफाश कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से नकदी, तमंचा, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
पीड़ित अयोध्या प्रसाद शुक्ल इंडियन बैंक की खजुरी शाखा से बीती 28 जुलाई को 1,00,200 निकालकर वीसी की ओर जा रहे थे। भिंगुरी नहर पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और धक्का देकर नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद थाना पयागपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने स्वाट, सर्विलांस और थाना पयागपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। एसपी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने चारों आरोपितों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद सहबान, सूर्यकुमार सिंह, जय सिंह और वीरेन्द्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में चारों ने लूट की वारदात कबूल करते हुए बताया कि वे लूटी गई रकम का बंटवारा करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।आरोपितों के कब्जे से 2,10,400 नकद, एक पीओएस मशीन, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

