हत्या के मामले में फरार चार बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
नोएडा, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा स्थित थाना रबूपुरा पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे चार बदमाशों को बीती रात को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों के पैर में लगी है। इन बदमाशों ने 8 नवंबर को एक व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को नहर किनारे फेंक दिया था।
पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा जोन श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि थाना रबूपुरा पुलिस रविवार की मध्य रात्रि को यीडा क्षेत्र के सेक्टर 20 के पास चैकिंग कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ बदमाश आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश वहां से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पीछा करके घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से दो बदमाश घायल हो गए। उनकी पहचान राजकुमार पुत्र महिपाल निवासी जनपद बुलंदशहर तथा सचिन पुत्र पप्पू निवासी जनपद हापुड़ के रूप में हुई। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इनके दो साथी कमल पुत्र कालू तथा हरेंद्र उर्फ जितेंद्र मौके से भाग गए थे। इन बदमाशों को पुलिस में कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने दो देशी तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल, लोहे की राड आदि बरामद किया है। इन बदमाशों ने 8 नवंबर को इस्माइल नामक व्यक्ति की हत्या कर शव को नहर किनारे फेंक दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

