पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, दाे के पैर में लगी गोली
नोएडा, 09 अप्रैल (हि.स.)। थाना सूरजपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों के पैर में लगी है। इनके पास से विभिन्न जगहों से चोरी किए हुए सामान बरामद हुआ है।
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शैव्या गोयल ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस बृहस्पतिवार दोपहर को चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि मोजर बेयर गोल चक्कर के पास कुछ बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से आ रहे हैं। पुलिस ने बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि दो बाइक पर सवार होकर संदिग्ध लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे रुकने की बजाए मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा करके उन्हें घेर लिया। हड़बड़ाहट में दोनों की मोटरसाइकिल फिसल कर गिर गई। बदमाशों ने अपने आपको पुलिस से घिरता हुआ देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
उन्होंने बताया कि जबाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली मुकेश उर्फ मुक्के पुत्र राम नरेश मंडल निवासी जनपद मोतीहारी बिहार, आकाश पुत्र सूरजमल उर्फ सूरज निवासी ग्राम चीती दनकौर के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इनके दो साथी देवेंद्र शर्मा निवासी जनपद मधुबनी बिहार तथा सतपाल पुत्र रामलाल निवासी ग्राम सूरजपुर उम्र मौके से भाग गए थे। कांबिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक-एक देसी तमंचा, कारतूस, ड्रिल मशीन, रोड और ताला तोड़ने का सामान आदि बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के पास से पुलिस ने विभिन्न घरों से चोरी की गई हुई एलइडी टीवी, बैटरी, इन्वर्टर, कुकर, खाने की प्लेट, भागोना तथा घटना मे प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद किया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त मुकेश के खिलाफ पूर्व में एनसीआर के विभिन्न थानों में गैंगस्टर, चोरी सहित विभिन्न धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राकेश के ऊपर सात, देवेंद्र के ऊपर 19, सतपाल के ऊपर 14 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि ये बदमाश घरों का ताला थोड़ी कर चोरी करने के लिए कुख्यात हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

