बंद पड़े घरों में रेकी कर चोरी करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, 50 लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी बरामद
नोएडा, 29 मई (हि.स.)। थाना सूरजपुर पुलिस ने बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का शुक्रवार को पर्दाफाश कर चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक लाख 65 हजार रुपये नकद और करीब पचास लाख रुपये के चोरी किए हुए गहने बरामद हुआ है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान संभल के तुमरईघाट गांव निवासी प्रदीप यादव उर्फ फौजी, शिव कुमार उर्फ चूंचा और संभल के धनीपुर गांव निवासी वीरेश उर्फ वीरा और महोबा निवासी सूरज उर्फ बंटा के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं अंजाम देते थे। हाल ही में उन्होंने सेक्टर ओमिक्रोन-3 में एक कारोबारी के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा सेक्टर डेल्टा वन में दो घरों में चोरी की थी। पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया। इस ऑटो में सवार होकर वे दिनभर सेक्टर में घूमकर घरों की रेकी करते। इसके बाद रात को मौका पाकर घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते। आरोपियों ने बताया कि यह ऑटो उन्होंने फाइनेंस की किस्त जमा न करने पर सस्ते दामों में खरीदा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

