home page

आरएमएल अस्पताल में नौकरी दिलवाने के नाम पर चार लोगों से ठगी

 | 

नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर चार लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। जीटीबी एंक्लेव इलाके में रहने वाली भावना नामक महिला ने तीन बहनों समेत चार लोगों से ठगी कर ली। भावना ने बकायदा नियुक्ति पत्र और आई कार्ड भी दिए।

अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि नियुक्ति पत्र और आई कार्ड दोनों ही फर्जी हैं। पीड़ितों ने भावना से अपने पैसे मांगे। वह कभी जल्द नौकरी लगवाने व कभी पैसे वापस करने की बात करने लगी। बाद में उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया। परेशान होकर पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

नंद नगरी थाना पुलिस ने छानबीन के बाद 20 फरवरी को इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया। अब पुलिस भावना की तलाश कर रही है। पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र और आई कार्ड भी कब्जे में लिए हैं। पुलिस टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता हनी (29) परिवार के साथ नंद नगरी के सुंदर नगरी में रहती हैं। पीड़िता ने बताया कि करीब पाच साल पहले उनकी मुलाकात जीटीबी एंक्लेव में रहने वाली भावना से हुई। जान-पहचान ठीक-ठाक हुई तो दोनों ने एक-दूसरे से खूब मिलना शुरू कर दिया। भावना ने आरएमएल में नौकरी लगवाने की बात की।

भावना का कहना था कि वह खुद आरएमएल में नौकरी करती है, उसकी पहचान है। वह चार-पांच लोगों की अपनी पहचान से नौकरी लगवा देगी। हनी ने अपनी व बहन ममता, रीना और जीजा सोनू की नौकरी लगवाने की बात की। भावना ने कुछ पैसे खर्च होने की बात की। इसके बाद चारों से 45-45 हजार रुपये ले लिए। बाद में पीड़ितों को पता चला कि उनके साथ ठगी की गई है। उन्होंने भावना से अपने पैसे वापस मांगे। इस बात पर वह आना-कानी करने लगे। परेशान होकर पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव