home page

ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिए बुटीक संचालक को फंसाकर लूटपाट करने वाले चार गिरफ्तार

 | 
ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिए बुटीक संचालक को फंसाकर लूटपाट करने वाले चार गिरफ्तार


नोएडा, 02 अप्रैल (हि.स.)। एक बुटीक संचालक को ऑनलाइन डेटिंग एप के माध्यम से अपने जाल में फंसाकर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को थाना सेक्टर 126 पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने गुरुवार काे बताया कि एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर 126 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रोहित नामक व्यक्ति ने उससे ऑनलाइन डेटिंग एप के माध्यम से संपर्क किया। इसने उसे रायपुर गांव के पास बुलाया। वह उसे लेकर एक पीजी में गया तथा उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसी बीच तीन लोग वहां पर आ गए। उन्होंने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाई। उसे ब्लैकमेल करके इन लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उससे हीरे की अंगूठी, सोने की चेन, 14,530 रूपये नकद आदि लूट लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस घटना में शामिल सुशांत सिंह पुत्र रामस्वरूप मूल निवासी जनपद बुलंदशहर, प्रदीप पुत्र लालचंद मूल निवासी शाहदरा दिल्ली, रोहित कुमार पुत्र मुक्तिनाथ मूलनिवासी जनपद सिवान बिहार, बसु पुत्र विकास मूल निवासी जनपद गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक डायमंड की अंगूठी, सोने की चेन, 14,530 रूपये नकद बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान इन बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि वे लोग कम पढ़े लिखे हैं, तथा बेरोजगार हैं। वे लोग समलैंगिक संबंध रखने के इच्छुक लोगों को ग्राइंडर एप के माध्यम से फंसाते हैं। उनके साथ मारपीट कर उन्हें ब्लैकमेल कर उनके साथ लूटपाट करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी