home page

दिव्यांग कोटे की आड़ में परीक्षा में फर्जीवाड़ा, चार गिरफ्तार

 | 
दिव्यांग कोटे की आड़ में परीक्षा में फर्जीवाड़ा, चार गिरफ्तार


कानपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत भैलामऊ स्थित परीक्षा केंद्र पर स्वस्थ अभ्यर्थियों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाकर परीक्षा में उनकी जगह लेखक सहायक बैठाने वाले गिरोह का पुलिस और एसटीएफ ने सोमवार को पर्दाफाश किया है। मामले में चार आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि 22 अगस्त को बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान की प्रोबेशनरी अधिकारी व प्रबंधन प्रशिक्षु प्रारंभिक परीक्षा के दौरान अवनीश यादव और अनुराधा कन्नौजिया के लिए आशीष कुमार और बिहार निवासी राहुल कुमार सिन्हा लेखक सहायक बनकर पहुंचे थे। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर पूछताछ की गई। इसके बाद अवनीश, आशीष, राहुल और अंकित सचान को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अवनीश ने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ है, लेकिन वर्ष 2025 में करीब एक लाख रुपये देकर दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाया था। जांच में मनोज कुमार यादव के माध्यम से शमशेर उर्फ शीलू सचान से प्रमाणपत्र बनवाने की बात सामने आई। इससे पहले भी दो परीक्षाओं में उसके लिए लेखक सहायक लगाए गए थे। 22 अगस्त की परीक्षा में आशीष को इसके लिए 30 हजार रुपये दिए गए थे। मोबाइल में भुगतान की रसीद और परीक्षा संबंधी बातचीत मिली है।

पुलिस के अनुसार अंकित सचान ग्रामीण बैंक में वसूली प्रबंधक है। वह एक युवती को दिव्यांग कोटे से नौकरी दिलाना चाहता था। वर्ष 2024 में करीब 65 हजार रुपये देकर उसका दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाया गया था। परीक्षा में सफलता दिलाने का सौदा दस लाख रुपये में हुआ। 21 और 22 अगस्त को 20 हजार रुपये अग्रिम भेजे गए थे।

राहुल ने बताया कि उसे अनुराधा के लिए अंकित ने लेखक सहायक के तौर पर बुलाया था। उसके मोबाइल और आइपैड में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रवेश पत्र, लेखक सहायक प्रपत्र, प्रमाणपत्र और लेनदेन की बातचीत मिली। उसने बताया कि दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ऑनलाइन पढ़ाने के दौरान वह ऐसे लोगों के संपर्क में आया था, जो अभ्यर्थियों को लेखक सहायक उपलब्ध कराते थे।

जांच में शमशेर उर्फ शीलू सचान, मनोज कुमार यादव, सुरजीत कुमार, मनोरंजन, राजू गुप्ता, मनीष कुमार मिश्रा और राहुल यादव समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में कराई गई परीक्षाओं की जानकारी जुटा रही है।

आरोपितों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक आइपैड, आधार, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वाहन चालक प्रमाणपत्र, दो एटीएम कार्ड, 2,750 रुपये नकद, परीक्षा संबंधी दस्तावेज और कार बरामद हुई है। आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप