फर्जी फर्म और खातों के जरिए 250 करोड़ की साइबर ठगी, चार गिरफ्तार
कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। साइबर क्राइम सेल, रावतपुर और कल्याणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी फर्म और बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपितों से जुड़ी पांच फर्जी फर्मों के बैंक खातों पर एनसीआरपी पोर्टल पर 322 शिकायतें दर्ज हैं और करीब 250 करोड़ रुपये की संदिग्ध धनराशि के लेन-देन का पता चला है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने गुरुवार को बताया कि भारत सरकार के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की निगरानी के दौरान कुछ संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी सामने आई थी। जांच में एक खाते से करीब आठ करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन और अलग-अलग राज्यों से 116 शिकायतें मिलीं। इसके बाद खातों और उनसे जुड़ी फर्मों की पड़ताल शुरू की गई। जांच आगे बढ़ी तो पांच ऐसी फर्जी फर्म सामने आईं, जिनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जा रहा था।
जांच में पता चला कि आरोपित पहले कूटरचित आधार और पैन कार्ड तैयार कर उनके जरिए फर्जी फर्म बनाते थे। इसके बाद इन्हीं फर्मों के नाम पर बैंकों में चालू खाते खुलवाए जाते थे। बैंक खाते मिलने के बाद होटल आदि स्थानों पर जाकर एपीके फाइल के माध्यम से इन खातों को ऑनलाइन गेमिंग के लिए चलाया जाता था। साइबर ठगी से हासिल रकम इन्हीं खातों में मंगाकर अलग-अलग खातों में स्थानांतरित की जाती थी।
पुलिस ने 24 सितंबर को कल्याणपुर क्षेत्र में आईआईटी कानपुर के पिछले गेट के पास से औरैया निवासी विपिन कुमार, शिवप्रताप, राजशेखर उर्फ अजीत और कानपुर देहात निवासी हिमांशु गौतम को गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का संचालन करने में अन्य लोगों की भूमिका भी हो सकती है। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर दस्तावेज तैयार कराने, परिसर उपलब्ध कराने और खातों के संचालन में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही ठगी की रकम की मनी ट्रेल खंगाली जा रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। चारों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

