गणेश विसर्जन यात्रा पर हमले में चार गिरफ्तार, जुड़वा भाई भी शामिल
कानपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। गुजैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को फत्तेपुर गांव में गणेश विसर्जन यात्रा पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने शुक्रवार काे चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें जुड़वा भाई धनराज सिंह भदौरिया और जुगराज सिंह भदौरिया भी शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बारिश के बीच चारों का करीब एक किलोमीटर तक जुलूस निकाला। पुलिस ने मामले में हवाई फायरिंग और बम फेंके जाने की बात से इनकार किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि हनुमंत विहार के केडीए कॉलोनी गल्ला मंडी निवासी अर्पित शुक्ला अपने साथियों के साथ सेन पश्चिम पारा के बिधनू नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। पांडु नदी पुल पार करने के बाद फत्तेपुर गांव के पास लोगों ने विसर्जन यात्रा को रोककर मारपीट शुरू कर दी।
हमले में केडीए कॉलोनी निवासी अंश शर्मा उर्फ सुदामा पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। अविरल दुबे, मयंक और एक महिला को भी चोटें आईं। सभी घायलों को निहारिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान पटाखे छुड़ाए जा रहे थे। हवाई फायरिंग और बम चलाने की बात जांच में सामने नहीं आई है।
पुलिस के मुताबिक विवाद की जड़ पुरानी रंजिश है। नवंबर 2025 में अर्पित शुक्ला का हनुमंत विहार निवासी शोभित सिंह राणा उर्फ शोभित ठाकुर से विवाद हुआ था। इसके बाद अर्पित के साथ दो बार मारपीट की गई थी। इस मामले में हनुमंत विहार थाने में मुकदमा भी दर्ज है। आरोपित पक्ष अर्पित पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर गुरुवार को विसर्जन यात्रा के दौरान हमला किया गया।
अंश शर्मा की बहन आकांक्षा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने शोभित सिंह, राहुल भदौरिया, नितिन सिंह, बलवान सिंह के बेटे शिवा सिंह और जंगी समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने हनुमंत विहार के गल्ला मंडी निवासी शोभित सिंह, अर्रा गांव निवासी राहुल भदौरिया और फत्तेपुर दक्षिण निवासी जुड़वा भाइयों धनराज सिंह भदौरिया व जुगराज सिंह भदौरिया को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में इंजीनियरिंग, बीएससी और इंटर के छात्र शामिल हैं। चारों पर पहले से तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने आरोपितों पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

