सिरसा: बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले राजस्थान के चार बदमाश गिरफ्तार
सिरसा, 05 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने वृद्ध महिला को बंधक बनाकर चाकू की नोक पर की गई लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशोंं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की बालियां तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। सिरसा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल खान ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों की पहचान राजस्थान के गंगानगर निवासी जीतू, जयकिशन, राजेश कुमार व आकाशदीप के रूप में हुई है। एएसपी फैसल खान ने बताया कि ऐलनाबाद क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 निवासी वृद्ध महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने घर पर अकेली रहती है। शिकायत के अनुसार 27 फरवरी को दोपहर के समय वह घर में सो रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक घर के सामने पहुंचे, जिनमें से तीन युवक घर के अंदर घुस गए। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। इसके बाद आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और उसे मुंह के बल जमीन पर गिराकर मौके से फरार हो गए। शिकायत पर ऐलनाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ऐलनाबाद थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को काबू कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए लूट व छीना-झपटी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। गिरफ्तार आरोपी जीतू व आकाशदीप सिंह के खिलाफ पहले से ही चोरी व मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया और उनकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की बालियां बरामद कर ली गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

