सिरसा: हरे पेड़ काटने के चार आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 17 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिला के ऐलनाबाद क्षेत्र से हरे पेड़ काट कर चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी व चोरीशुदा लकडिय़ां भी बरामद कर ली हैं।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आऱोपियों की पहचान सिरसा जिला निवासी निशानदीप, छोटू राम, राजेंद्र व मदन के रुप में हुई है। वन विभाग के अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव शेरावांली सडक़ व गांव मिठ्ठी सुरेरां की नहर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सडक़ किनारे व नहर किनारे हरे वृक्ष काटे हुए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा कड़ी व वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी बरामद कर ली है। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
इसके अलावा पुलिस ने गांव अलीकां में गेहूं की खड़ी फसल नष्ट करने के मामले में आरोपी सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता मेहरचंद ने बताया कि उन्होंने गांव अलीकां में 22 कनाल भूमि खरीदी थी जिस पर वह खेती करता आ रहा है। सात फरवरी को गेहूं की फसल को नष्ट करने के साथ-साथ खेत में बना कमरा भी तोड़ा हुआ था। खेत में लगे सोलर सिस्टम व ट्यूबवेल को तोडक़र कंट्रोलर, केबल, मोटर व अन्य सामान गायब था। इसी समय आरोपी अपने साथियों के साथ वहां आया और उसे जमीन पर कब्जा करने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

