नाबालिग से गैंगरेप मामले के एक नाबालिग सहित चार आरोपित गिरफ्तार
बीजापुर , 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में घुमाने के बहाने नाबालिग लड़की से 5 दोस्तों ने गैंगरेप किया है, इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। नाबालिग आरोपित को पीड़िता पहले से जानती थी। वारदात के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को कस्टडी में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल की रात एक परिचित नाबालिग लड़का उसे घुमाने के बहाने घर से बाहर बुलाया। फिर बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। उसके बाद नाबालिग के चार दोस्तों ने भी उससे दुष्कर्म किया। वारदात के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आप-बीती बताई। 12 अप्रैल की (रविवार) सुबह भैरमगढ़ थाने पहुंची और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया। घटना के बाद पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बीजापुर एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि नाबालिग से गैंगरेप मामले में चार आरोपिताें जिसमें अंकित परबुलिया, लक्ष्मीनाथ लेकाम, सुनील परबुलिया और जातवेद मोड़ियाम को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग आरोपित को कस्टडी में रखा गया है। इस मामले के सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि सभी आरोपिताें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा, जबकि नाबालिग आरोपित को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

