ट्यूबवेल से तांबा तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 02 जून (हि.स.)। पुसौर पुलिस ने किसानों के ट्यूबवेलों से तांबा केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन चोर और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चोरों ने कबूल किया कि वे खेतों से केबल चुराकर उसे जला कर तांबा अलग करते और स्थानीय बाजार में बेचते थे। कार्रवाई के दौरान करीब 8 किलो तांबा तार, 2 किलो सिल्वर तार, नगदी और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
31 मई को पुसौर के किसान उमेश साव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से लगभग 50 मीटर तांबा केबल गायब है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरु की और संदिग्धों की पड़ताल के लिए साक्ष्य इकट्ठा किए। छानबीन और फोटो से मिली सूचनाओं के आधार पर प्रमुख संदिग्ध अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ में अमित ने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर खेतों से तांबा केबल चोरी करने की बात कबूल की। आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी के बाद समीर सतनामी तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर वे केबल को जला कर तांबा अलग करते और बेच देते थे। अमित के निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नगदी जब्त की।
जांच के दौरान यह पता चला कि चोरी किए गए तांबा और सिल्वर तार को चंद्रपुर निवासी दिनेश देवांगन खरीदता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी का माल खरीदने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से लगभग 8 किलो तांबा तार और 2 किलो सिल्वर तार बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपितों अमित सारथी, केदारनाथ सारथी, समीर सतनामी और दिनेश देवांगन को आवश्यक साक्ष्य के साथ मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेशानुसार सभी चारों आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाने ने चोरी से संबंधित अन्य सामग्री भी जब्त कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या चोरी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

