home page

सिरसा: बुजुर्ग की हत्या के आरोप में मास्टरमाइंड समेत चार आरोपी गिरफ्तार

 | 

सिरसा, 08 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिले के गांव कुरंगावाली में बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या मामले का पर्दाफाश करते हुए मास्टर माइंड सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उधार दिए पैसे मांगने पर इस वारदात को अंजाम दिया।

रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बुधवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जगपाल, जगजीत सिंह सहित दो नाबालिग शामिल हैं। मृतक लीला गिर के बेटे हरदीप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था।

हरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट बस चालक है। गांव के ही शंभू ने उससे एक हजार रुपये उधार मांगे थे, लेकिन पैसे न होने के कारण वह उसे राशि नहीं दे सका। इसी बात को लेकर शंभू उसके प्रति रंजिश रखने लगा। बीती चार मार्च की रात को शंभू अपने चार-पांच साथियों के साथ दीवार फांदकर उसके घर में घुस गया। उस समय उसका पिता घर के आंगन में सो रहा था। आरोपियों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए तो हमलावरों ने उसके भाई गुरदीप को भी पकड़ लिया और उसे गली में घसीटकर ले गए। उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए बठिंडा रेफर किया गया।

सिरसा के पुलिस अधीक्षक ने घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया और मामले को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए। रोड़ी थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में ऑब्जरवेशन हाल अंबाला व करनाल भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma