home page

फायरिंग कर हत्या के प्रयास मामले में चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
फायरिंग कर हत्या के प्रयास मामले में चार आरोपित गिरफ्तार


गोरखपुर, 13 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, देशी तमंचा, जिंदा कारतूस तथा एक एक्सयूवी वाहन बरामद किया गया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 11 मार्च 2026 को वादी द्वारा थाना रामगढ़ताल में तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि 10 मार्च की रात करीब 10 बजे पंकज शाही ने उसे और उसके मित्र को रुपये लौटाने के बहाने बुलाया था। जब दोनों वहां पहुंचे तो पंकज शाही अपने साथियों राहुल सिंह, युवराज सिंह और एक अन्य व्यक्ति के साथ मौजूद था।

आरोप है कि रुपये लौटाने को लेकर विवाद होने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें वादी के मित्र के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद सभी आरोपी एक्सयूवी वाहन से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—पंकज शाही निवासी महुआपार थाना बड़हलगंज, सर्वेश उर्फ राहुल सिंह निवासी कोठा थाना गगहा, लालू यादव निवासी मसान पाकत बांसुडीला थाना गगहा तथा युवराज सिंह उर्फ राज निवासी ठठौली थाना गगहा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल (.32 बोर), एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस तथा एक एक्सयूवी वाहन बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय