महिला से छेड़खानी, मारपीट और अभद्रता करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। जिले के चौकी जोबी पुलिस ने महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी एवं अभद्रता करने के मामले में ग्राम ओंगना के सरपंच अमित राठिया सहित चार आरोपियों को आज शुक्रवार काे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज 50 वर्षीय महिला ने चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने घर में थी। इसी दौरान अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया निवासी आँगना थाना धरमजयगढ़ तथा धनसिंह राठिया एवं इगेन्द्र राठिया निवासी पुछियापाली चौकी जोबी वहां पहुंचे। आरोपिताें ने पूर्व रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए महिला के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपिताें द्वारा उसकी इज्जत लेने के उद्देश्य से कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया गया। महिला किसी तरह भागकर गली में पहुंची, जहां आरोपित अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि अमित राठिया एवं धनसिंह राठिया उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे। वहीं इगेन्द्र राठिया द्वारा मोबाइल से घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी महिला ने अपनी शिकायत में बताई। महिला की आवाज सुनकर बचाव के लिए पहुंचे ग्रामीणों के साथ भी आरोपिताें द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है।
पीड़िता की रिपोर्ट पर चौकी जोबी, थाना खरसिया में आरोपिताें अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया एवं इगेन्द्र राठिया के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपिताें को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे एवं घटनास्थल से अपराध में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स एवं पल्सर मोटरसाइकिल तथा घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन को जब्त किया है।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपित अमित राठिया (उम्र 36 वर्ष) अनिल कुमार राठिया (उम्र 30 वर्ष) धनसिंह राठिया (उम्र 52 वर्ष) एवं इगेन्द्र राठिया (उम्र 22 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपित अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

